टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए आज हो सकता है भारतीय टीम का चयन
न्यूजीलैंड के खिलाफ 23 अगस्त से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन शुक्रवार को होने जा रहा है.
सचिन तेंदुलकर टेस्ट मैचों के जरिये पिच पर वापसी को तैयार है जबकि सभी की निगाहें वीवीएस लक्ष्मण के भविष्य पर टिकी है. इसके अलावा श्रीलंका में सितंबर में होने वाले ट्वंटी-20 वर्ल्ड कप के लिए भी टीम का चयन होना है.
लक्ष्मण के लेकर चयनकर्ताओं में दो तरह के विचार हैं. एक का मानना है कि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज से पहले हमें युवाओं को मौका देना चाहिए जबकि अन्य का मानना है कि लक्ष्मण को स्वदेश में खेलने का मौका मिलना चाहिए.
द्रविड़ के संन्यास लेने और लक्ष्मण को बाहर रखा जाता है तो इस दशा में मध्यक्रम में केवल तेंदुलकर ही अनुभवी बल्लेबाज होंगे.
ऐसे में बल्लेबाजी का दारोमदार ओपनर वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, विराट कोहली, सुरेश रैना और कप्तान धोनी पर होगा. अजिंक्य रहाणे को बतौर रिजर्व ओपनर टीम में जगह मिल सकती है क्योंकि सहवाग की फिटनेस पर सवालिया निशान लगा है.
जहीर खान के साथ सहवाग मैच से पहले ही स्वदेश वापस लौट आए थे. 2010 में तीन टेस्ट मैच खेलने वाले चेतेश्वर पुजारा पर भी चयनकर्ताओं की निगाहें रहेंगी.