एनबीएस न्यूज़ ने मिलाया अफ्रीकी मीडिया कंपनी से हाथ
अफ्रीका की न्यूज़ कंटेंट प्रोवाइडर कंपनी ए24 मीडिया ने भारत की न्यूज़ प्रोवाइडर कंपनी एनबीएस न्यूज़ के साथ हाथ मिलाया है। इस भागीदारी के ज़रिये भारतीय उपमहाद्वीप की ख़बरें अफ्रीका तक पहुंचेंगी. इसके साथ ही भारतीय ब्रॉडकास्टर्स को ए24 मीडिया की बेहतरीन कवरेज पाने का भी मौका मिलेगा। एनबीएस का भारत सहित पाकिस्तान और बांग्लादेश में 150 से अधिक संवाददाताओं का नेटवर्क है। यह समझौता एनबीएस के विस्तार प्रक्रिया का एक हिस्सा है। एनबीएस न्यूज वेबसाइट याहू को कंटेंट उपलब्ध कराता है जिससे भारत और अन्य देशों में बड़ी संख्या में दर्शक इससे जुड़े हैं।
ए24 मीडिया और एनबीएस न्यूज़ के बीच हुई साझेदारी पर एनबीएस के सीओओ सिद्धेश्वर मिश्रा ने कहा, "हमें ए24 मीडिया के अफ्रीकी कंटेंट में काफी क्षमता दिखाई दे रही है और भारतीय टीवी दर्शकों के लिए यह पहला मौका होगा जब वो अफ्रीका के समृद्ध इतिहास, संस्कृति, वन्य जीवन और विकास के आतंरिक और दुर्लभ पहलुओं को एक नए दृष्टिकोण से देख सकेंगे. ए24 मीडिया की प्रोडक्शन टीम के साथ मिलकर हम भारतीय दर्शकों के लिए दिलचस्प और चुनिंदा ख़बरें तैयार करने की पूरी कोशिश करेंगे."
अफ्रीका में बड़ी तादाद में भारतीय रहते हैं और इस भागीदारी के ज़रिये इस महाद्वीप के टीवी चैनल्स अब भारत से जुड़ी हर खबर पर नज़र रख सकेंगे, चाहे वह बॉलीवुड, खेल या राजनीति क्षेत्र से जुड़ी घटनाएं हों। एनबीएस के डिजिटल कंटेंट्स की बदौलत अफ्रीका के ब्रॉडकास्टर्स को भी नए चैनल्स और नई प्रोग्रामिंग इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा।
ए24 मीडिया के सीईओ आसिफ शेख ने इस साझेदारी पर कहा कि एनबीएस न्यूज़ ख़बरों की दुनिया में किए गये प्रयासों में अग्रणी रहा है जोकि इसे ए24 मीडिया के लिए आदर्श पार्टनर बनाता है. एनबीएस न्यूज़ ने मोबाइल व ऑनलाइन समाचार सेवाओं के साथ-साथ टीवी की दुनिया में भी पकड़ बनाई है.
एनबीएस न्यूज़ ऑनलाइन, मोबाइल और टीवी के माध्यम से अपने क्षेत्रीय पाठकों और दर्शकों से जुड़ा हुआ है और ए24 मीडिया के साथ इसकी भागीदारी खबरों की दुनिया में नए आयाम स्थापित करेगी.